कुशीनगर: छोटी गंडक में अवैध बालू खनन का आरोप, पुलिस चौकी के बगल से गुजर रहीं बैलगाड़ियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कार्रवाई से बचने के लिए बदला ढुलाई का तरीका, किसानों ने फसलों को नुकसान पहुंचाने का लगाया आरोप

कुशीनगर। जिले में छोटी गंडक नदी के विभिन्न घाटों पर अवैध बालू खनन का कारोबार संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। रामकोला और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के घाटों से बालू निकालकर उसकी ढुलाई की जा रही है। आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए खनन कारोबारी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीसीएम के बजाय अब बैलगाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। भोर होते ही बैलगाड़ियों से बालू ढोकर 1200 से 1500 रुपये में बेचे जाने की बात कही जा रही है। हैरानी की बात यह है कि खोटही पुलिस चौकी के बगल से ही बैलगाड़ियों के गुजरने की बात सामने आई है, जबकि संबंधित नदी घाट चौकी से करीब पांच किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।

कई घाटों पर बालू खनन की शिकायत

स्थानीय लोगों के अनुसार, रामकोला और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों के अंतर्गत पगार टोला मुरली छपरा गांव के समीप छोटी गंडक नदी के घाट पर बड़े पैमाने पर बालू निकाले जाने का आरोप है। इसके अलावा सिकटिया और पुरैनी घाटों से भी बालू निकालकर भोर में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए ढुलाई किए जाने की शिकायतें हैं।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पुलिस की निगरानी और संभावित कार्रवाई से बचने के लिए बालू ढुलाई का तरीका बदला गया है। अब बैलगाड़ियों के जरिए बालू को अलग-अलग ठिकानों तक पहुंचाया जा रहा है। हालांकि, अवैध खनन की मात्रा और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने का आरोप

नदी के घाटों पर कथित अवैध खनन और बालू की ढुलाई से आसपास के किसानों की परेशानियां भी बढ़ने की बात सामने आई है। आरोप है कि बालू निकालने और उसे खेतों के रास्ते ले जाने के दौरान फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। विरोध करने पर खनन में लगे लोगों के झगड़े पर उतारू होने की भी शिकायत की गई है। इससे स्थानीय किसानों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने, अवैध खनन पर रोक लगाने और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

खनन अधिकारी ने कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले में खनन अधिकारी ने बताया, “मैं छुट्टी पर था और आज ही आया हूं। जिलाधिकारी की ओर से सभी एसडीएम और संबंधित थानों की पुलिस को अवैध खनन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मैं भी मामले को देखता हूं। जहां भी अवैध खनन होगा, वहां टीम के साथ कार्रवाई की जाएगी।”

अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करती है या नहीं और छोटी गंडक नदी के घाटों पर कथित अवैध बालू खनन के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]