नेबुआ नौरंगिया थाने में मुकदमा दर्ज, छह वर्षीय बच्चे को साथ ले जाने का भी आरोप; पुलिस कर रही जांच
कुशीनगर। जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में पानी पूरी बेचने वाले झांसी निवासी एक युवक पर स्वयं सहायता समूह में मेट के रूप में काम करने वाली महिला को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। महिला के पति की तीन वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। महिला के ससुर ने युवक पर महिला और उसके छह वर्षीय बेटे को साथ ले जाने के साथ ही घर से नकदी और जेवरात ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, झांसी निवासी राजेंद्र क्षेत्र में ध्रुव शर्मा के मकान में कई महीने से किराये पर रह रहा था। वह आसपास के चौराहों पर पानी पूरी बेचकर आजीविका चलाता था। इसी दौरान उसकी पहचान क्षेत्र के एक गांव की 28 वर्षीय महिला से हुई। महिला स्वयं सहायता समूह में मेट के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक महीने से संपर्क और आपसी संबंध थे।
11 अक्टूबर को महिला के लापता होने का आरोप
महिला के ससुर की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, बीते 11 अक्टूबर को राजेंद्र शादी का झांसा देकर महिला को अपने साथ ले गया। आरोप है कि महिला अपने छह वर्षीय बेटे सत्यप्रकाश के साथ घर से गई है। ससुर ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला अपने साथ नकदी और जेवरात ले गई।
महिला और युवक के अचानक चले जाने के बाद परिजनों ने उनकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर महिला के ससुर ने नेबुआ नौरंगिया थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि महिला और युवक दोनों बालिग हैं। उनके बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महिला और उसके बेटे की स्थिति तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।









