सी.बी.एस. स्कूल में धूमधाम से मनाई गई गुरु पूर्णिमा: छात्राओं ने अध्यापकों को तिलक लगाकर लिया आशीर्वाद

सीबीएस स्कूल निचलौल में गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों का सम्मान करते छात्र-छात्राएं।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज जिले के निचलौल विकासखंड अंतर्गत बिसोखोर स्थित सी.बी.एस. स्कूल में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, सम्मान और भारतीय संस्कृति की परंपराओं के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा शिक्षकों के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाकर, आरती उतारकर और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेने से हुई। विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। पूरे विद्यालय का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से भर गया।

विद्यालय के निदेशक अरुण कुमार पांडे ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही अपने ज्ञान से शिष्य के जीवन का मार्ग प्रशस्त करते हैं और उसे सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों और माता-पिता का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मानव मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि एक आदर्श गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का भी निर्माण करता है। गुरु का मार्गदर्शन जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रिंसिपल मानव मेहता, सरस पांडेय, रमेश चंद पांडेय, शिलास रॉय, कुलसुम, महेंद्र छेत्री, काजल वर्मा, शिवानी, शालिनी, सीमा, आशीष, यशिका, सिद्धि सिंह, अशोक पांडेय सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]