महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत बुधवार को पनियरा थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। थाना पनियरा की मिशन शक्ति टीम और एनसीसी कैडेट्स ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर आमजन एवं राहगीरों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने लोगों को सुरक्षित तरीके से सड़क पार करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने के प्रति भी जागरूक किया।
इस दौरान बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है। छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में जिम्मेदार सड़क व्यवहार विकसित करना और जनभागीदारी के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पुलिस टीम ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।









