मैनपुरी। किशनी से समाजवादी पार्टी के विधायक ब्रजेश कठेरिया ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। बरेली में मुख्यमंत्री के उस बयान पर पलटवार करते हुए, जिसमें दंगा करने वालों को पुश्तैनी संपत्ति जाने का डर होने की बात कही गई थी, उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिकता और जाति-धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया।
ब्रजेश कठेरिया ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने की कोशिश करती है। जनता सरकार के कामकाज और कथित अन्याय से परेशान है तथा समाजवादी पार्टी की सरकार और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।
आजम खान से जुड़े मामलों में ईडी की पूछताछ और भ्रष्टाचार के केस पर उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विपक्ष को डराने के लिए कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सपा विधायकों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो पहले ही पार्टी के खिलाफ मतदान कर भाजपा के मंच साझा कर रहे हैं, उन्हें सपा का विधायक नहीं कहा जा सकता। उन्होंने दावा किया कि जनता ऐसे नेताओं को भविष्य में सबक सिखाएगी।
दिल्ली में प्रदर्शन स्थल बदले जाने पर भी कठेरिया ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता गांवों में नेताओं से सवाल करेगी।









