इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्रमें देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दतावली नहर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश उर्फ चिन्ना निवासी कोकपुरा, फ्रेंड्स कॉलोनी के रूप में हुई है। आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर (HS-17B) है और उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में बाइक के इसी साल मई में पीजीआई सैफई से चोरी होने की जानकारी सामने आई।
सीओ सदर अवनीश कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्टर: अमित वर्मा | जिला: इटावा









