हरदोई। जिले के संडीला इंडस्ट्रियल एरिया में मिलावटी दूध के कारोबार की आशंका को लेकर प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक दूध डेयरी पर छापेमारी की। एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान डेयरी परिसर से भारी मात्रा में दूध, केमिकल और अन्य सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को संडीला औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक डेयरी में दूध की गुणवत्ता और संभावित मिलावट को लेकर सूचना मिली थी। इसके आधार पर एसडीएम नारायणी भाटिया ने खाद्य विभाग की टीम के साथ डेयरी परिसर में छापेमारी की। इस दौरान एएसपी/सीओ संडीला श्लोक गौतम सहित पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डेयरी में रखे दूध की जांच करते हुए नमूने एकत्र किए और उन्हें प्रयोगशाला भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दूध में किसी प्रकार की मिलावट की गई थी या नहीं।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य डेयरी कारोबारियों में भी हलचल है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









