गोरखपुर के निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बड़हरा-बरईपार मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को परिजन इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, ताड़ी टोला निवासी 70 वर्षीय पारस चौधरी सड़क पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बड़हरा बरईपार निवासी 25 वर्षीय राजन गुप्ता बाइक से वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में राजन की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में घायल राजन को इलाज के लिए गोरखपुर लेकर पहुंचे, जहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर श्यामदेउरवां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा रही।









