बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों को डीबीटी के जरिए मिलेगी धनराशि, पांचों तहसीलों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वितरित किए गए डमी चेक
शाहजहांपुर, 14 अक्टूबर। जिले में प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने वाले किसानों को जल्द ही मुआवजा मिलने जा रहा है। प्रशासन की ओर से करीब 53 हजार किसानों को 22 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने दी।
एडीएम ने बताया कि जिले के 1,688 गांवों में लगभग 11,694 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फसलें प्रभावित हुई थीं। जिन किसानों की 33 प्रतिशत से अधिक फसल का नुकसान हुआ है, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए बाढ़, अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों का विवरण तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि चक्रवात से प्रभावित करीब 48 हजार किसानों के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। वहीं, बाढ़ से प्रभावित करीब 2,400 किसानों को लगभग 89 लाख रुपये और अतिवृष्टि से प्रभावित करीब 1,688 किसानों को लगभग 87 लाख रुपये दिए जाने हैं।
एडीएम के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रम के तहत शाहजहांपुर की पांचों तहसीलों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में डमी चेक वितरित किए गए। किसानों को वास्तविक मुआवजे की धनराशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें खराब हुई फसल के नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी।
संवाददाता: धर्मेंद्र कुमार शर्मा









