एक दिन की सीओ बनी छात्रा प्रियांशी, की जनसुनवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा को मिला अफसर बनने का अवसर

महोबा। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत मंगलवार को महोबा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा प्रियांशी को एक दिन के लिए सीओ सिटी बनाया गया। प्रियांशी ने सीओ की टोपी पहनकर अधिकारी की कुर्सी संभाली और आत्मविश्वास के साथ जनसुनवाई की। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बेटियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराकर उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना रहा।

सीओ सिटी रविकान्त गौड़ ने प्रियांशी को पुलिस विभाग के कामकाज की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी की जिम्मेदारियों के साथ अपराधों की जांच, कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया समझाई। इसके बाद प्रियांशी ने सीओ सिटी की सरकारी गाड़ी में बैठकर शहर का भ्रमण किया।

एक दिन की अधिकारी बनकर उत्साहित प्रियांशी ने कहा कि सीओ की कुर्सी पर बैठकर उसे बेहद खुशी हुई। वह भविष्य में मेहनत करके पुलिस अधिकारी बनना चाहती है। उसका सपना महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए काम करना तथा उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

सीओ सिटी रविकान्त गौड़ ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षा और सम्मान देने के साथ उनमें आत्मविश्वास जगाना है। ऐसी गतिविधियों से छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने और भविष्य के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से समाज में नई पहचान बना सकें।

 

रिपोर्ट – कौशलेंद्र राठौर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]