पटना में SIR के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार की राजधानी पटना में SIR के खिलाफ छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र मंगलवार को सड़क पर उतर आए। गांधी मैदान से राजभवन मार्च के लिए निकले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की थी, लेकिन आक्रोशित छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाक बंगला की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया।

तस्वीरें पटना की हैं, जहां SIR के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। गांधी मैदान से राजभवन मार्च के लिए निकले छात्र जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी। लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। छात्रों का रुख डाक बंगला चौराहे की तरफ था। इस दौरान लगातार नारेबाजी होती रही और प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में कई तरह के पोस्टर भी नजर आए। पोस्टरों पर व्यंग्यात्मक नारे लिखे थे। कहीं ‘तोहार कुर्सी उड़ा देव प्रोटेस्ट से’ लिखा था, तो कहीं ‘समोसा-चाय तेल में, ज्ञानेश कुमार को भेजो जेल में’ जैसे नारे लिखे पोस्टर दिखाई दिए। इन नारों के जरिए छात्रों ने चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

वहीं, पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान हिरासत में लिए गए कुछ छात्र पुलिस की गाड़ी की चाबी लेकर भाग गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। छात्रों को ले जाने के लिए पुलिस को दूसरी बस बुलानी पड़ी। दूसरी तरफ, जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग टूटने के बाद प्रदर्शनकारी डाक बंगला की ओर बढ़ते रहे।

फिलहाल पटना में SIR के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन तेज होता नजर आया। छात्र मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग तोड़े जाने और पुलिस की कार्रवाई से राजधानी में कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

 

रिपोर्ट- रमण कुमार 

और पढ़ें

[the_ad id="164"]