लखनऊ। राजधानी लखनऊ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुबग्गा थाना क्षेत्र के महिपतमऊ में संचालित हेरोइन बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान करीब 32 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन और एक लोडेड जिगाना पिस्टल बरामद की गई है। मौके से अमजद और जुहैल नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अनस, सोहेल और माज फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जानकीपुरम के बाद अब दुबग्गा क्षेत्र में हेरोइन बनाने की फैक्ट्री पकड़े जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोपी एक मकान में नशीला पदार्थ तैयार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी बी-फार्मा की पढ़ाई कर चुके हैं और खुद हेरोइन तैयार करते थे।
आरोपियों द्वारा गुवाहाटी से हेरोइन बनाने का सामान मंगाया जाता था। तैयार नशीले पदार्थों की सप्लाई झारखंड, झांसी, हरदोई और बरेली समेत विभिन्न स्थानों पर की जाती थी।
हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने अपनी सुरक्षा के लिए पिटबुल नस्ल का कुत्ता भी पाल रखा था। एएनटीएफ की छापेमारी के बाद नशे के इस बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।









