महिला खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और महिला पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
चंदौली, मंगलवार। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत चंदौली में महिला सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने सम्मानित महिलाओं एवं बालिकाओं का उत्साह बढ़ाते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर दिया।
खेल के क्षेत्र में एथलेटिक्स की मनीषा राय, कुश्ती की संगीता, वंदना और संध्या, भारोत्तोलन की मानसी यादव और साहिब खान तथा कबड्डी की निकिता और स्मृति सोनकर को सम्मानित किया गया। वहीं, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमन देवी और अंजू देवी को भी सम्मान मिला।
सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए सोनी, शहाना, शहनाज और ग्राम्य संस्थान नौगढ़ की बिंदु सिंह को सम्मानित किया गया। मिशन शक्ति अभियान में सराहनीय कार्य के लिए मुगलसराय कोतवाली की महिला मुख्य आरक्षी शशि किरन राय और बलुआ थाने की महिला आरक्षी अनामिका को भी सम्मान प्रदान किया गया।
महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति 6.0 के तहत जिले के विभिन्न थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस तथा एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा, आपातकालीन हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
चंदौली पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।









