लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित घैला पुल से गोमती नदी में युवक-युवती के कूदने की घटना के करीब 36 घंटे बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया है। घटना के बाद से लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, लापता युवती की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज क्षेत्र के घैला पुल से एक युवक और युवती ने गोमती नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश शुरू कराई। नदी में तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया। करीब 36 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, युवती का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
घटना के बाद से घैला पुल और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट रही है। युवक-युवती के नदी में कूदने के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि लापता युवती की तलाश जारी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।









