महराजगंज। शिकारपुर के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे दो वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में 22 वर्षीय कृष्णा यादव की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा यादव के सिर, गर्दन और जबड़े में गंभीर चोटें आई थीं। उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजने की सलाह दी। इसके बाद एंबुलेंस संख्या UP32FG2598 के टेक्नीशियन नागेंद्र और पायलट जनार्दन ने मरीज को एंबुलेंस में शिफ्ट किया।
सीनियर डॉक्टर रस्तोगी के निर्देशानुसार एंबुलेंस कर्मियों ने रास्ते में मरीज को प्राथमिक उपचार देते हुए समय पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने मरीज की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई।
एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और मानवीय सेवा की मरीज के तीमारदारों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में एंबुलेंस कर्मियों ने मदद कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सड़क हादसे के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने में एंबुलेंस कर्मियों के प्रयास की चर्चा रही। ऐसे समय में उनकी तत्परता और सेवा भावना मरीजों के लिए काफी मददगार साबित होती है।









