महाराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के कटहरी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बेलवा कैमी ग्रामसभा निवासी रजवंता देवी अपनी तीन वर्षीय बेटी अंकिता का इलाज कराने कटहरी आई थीं। इलाज के बाद मंगलवार को वह बेटी के साथ चरगहाँ रोड पार कर रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक बाइक ने अंकिता को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तुरंत सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुटी है।
इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।









