सलोन नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव आज, 12 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

23,844 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, पांच मतदान केंद्रों के 29 बूथों पर हो रहा मतदान

रायबरेली। सलोन नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए आज उपचुनाव कराया जा रहा है। मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू हो गई है। चुनाव में कुल 12 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

सलोन नगर पंचायत में कुल 23,844 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 11,913 पुरुष और 11,931 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए नगर पंचायत क्षेत्र में पांच मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 29 बूथों पर वोटिंग कराई जा रही है। नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के मतदाता इस चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे।

दरअसल, सलोन नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष को जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले में न्यायालय के फैसले के बाद पद से हटा दिया गया था। आरोप था कि पूर्व अध्यक्ष ने सामान्य वर्ग से होने के बावजूद कथित रूप से फर्जी ओबीसी जाति प्रमाण पत्र बनवाकर चुनाव लड़ा था। अध्यक्ष पद रिक्त होने के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

वहीं, मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। नगर पंचायत की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मतदान केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

प्रशासन की ओर से मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। चुनाव संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्ट: मनीष अवस्थी मोबाइल: 9721913944

और पढ़ें

[the_ad id="164"]