सैन्य प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास से राष्ट्रसेवा का पाठ सीख रहे एनसीसी कैडेट्स: ले. कर्नल मिथुन मिश्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिसवा बाजार, महराजगंज। स्थानीय परमहंस पाल पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की 102 यूपी बटालियन के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रीय एकता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना रहा।

शिविर में सैन्य अधिकारियों ने कैडेट्स को मैप रीडिंग और कंपास के उपयोग की जानकारी दी। उन्हें मानचित्र पढ़ने, दिशा निर्धारित करने और निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचने की तकनीक समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि मैप रीडिंग सैन्य प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने और अपनी स्थिति का आकलन करने में मदद करता है।

इसके साथ ही संचार एवं सिग्नल के विभिन्न प्रकारों पर प्रशिक्षण दिया गया। कैडेट्स को बताया गया कि सैन्य गतिविधियों, आपदा प्रबंधन और सामूहिक कार्यों में सूचनाओं का सही समय पर आदान-प्रदान बेहद जरूरी है। बेहतर संचार से टीम भावना और आपसी समन्वय मजबूत होता है।

शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं व्यक्तिगत देखभाल पर भी विशेष जोर दिया गया। कैडेट्स को स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और पर्याप्त नींद के महत्व के बारे में बताया गया।

लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की असली शक्ति उसकी विविधता में निहित है। एनसीसी कैडेट्स का दायित्व है कि वे समाज में एकता, भाईचारे, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा दें।

उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। शिविर का चौथा दिन कैडेट्स के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]