महराजगंज। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचकर मां के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद डीएम ने मंदिर के महंत ओमप्रकाश पाण्डेय से मुलाकात की और नवरात्र मेले की तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, गर्भगृह, परिक्रमा मार्ग, मेला परिसर और पार्किंग स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
डीएम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतारबद्ध दर्शन, पर्याप्त बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पीने के पानी तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को मेले में मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
इसके अलावा नगर पंचायत को नियमित साफ-सफाई तथा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से मां लेहड़ा देवी के दर्शन का अवसर मिल सके।









