मौसम बदलते ही वायरल बुखार का प्रकोप, दो दिन में महिला अस्पताल पहुंचे 800 मरीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बच्चों और बुजुर्गों पर मौसमी बीमारियों का बढ़ा खतरा, चिकित्सकों ने दी सतर्क रहने की सलाह

अशोक कुमार जायसवाल

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मौसम में बदलाव के साथ ही सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में पिछले दो दिनों के दौरान करीब 800 मरीज उपचार के लिए पहुंचे हैं। इनमें वायरल बुखार और ऊपरी श्वसन तंत्र के संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक बताई जा रही है। बच्चों में भी मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ने के बीच चिकित्सकों ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले दो दिनों में लगभग 800 मरीज अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत वाले मरीज अधिक हैं। बदलते मौसम के बीच बच्चों में ऊपरी श्वसन तंत्र के संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं।

डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने कहा कि मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने बच्चों को मौसम के अनुकूल कपड़े पहनाने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी।

चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त आराम करने, स्वच्छता बनाए रखने और खानपान पर ध्यान देने की भी सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बुखार, खांसी या सर्दी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लें।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उचित उपचार से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचने में मदद मिल सकती है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]