पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, मुगलसराय। सड़क निर्माण कार्य के चलते सोमवार को नगर के कई इलाकों में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। चंदासी विद्युत उपकेंद्र के 11 केवी फीडर नंबर 01, 02, 03, 04, 05 और 06 से जुड़े क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली नहीं मिलेगी।

विद्युत विभाग के अनुसार, आदित्य विजन से सुभाष पार्क तक सड़क निर्माण कराया जाना है। इसके लिए रास्ते में आने वाली एलटी और एचटी बिजली लाइनों तथा विद्युत पोलों को स्थानांतरित किया जाएगा। इसी कार्य के चलते निर्धारित समय तक बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
उपखंड अधिकारी ई. दीपक पटेल ने बताया कि सड़क निर्माण में बाधा दूर करने और विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए लाइनों व पोलों की शिफ्टिंग जरूरी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य समय से पहले निपटा लें। साथ ही पानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी पहले से कर लें।
विभाग ने बताया कि निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उपभोक्ताओं से कार्य में सहयोग करने की अपील की गई है।









