सहारनपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आठ घंटे के भीतर एक और पुलिस मुठभेड़ हुई। कोतवाली देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश बंटी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी मुनीर को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बंटी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। घायल बंटी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह लूट के एक मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, एक अवैध चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा लूट का एक कुंडल और 460 रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: काशिफ खान









