फर्रुखाबाद: शारदीय नवरात्रि को लेकर डीएम और एसपी ने प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 नवरात्रि में मंदिरों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट

फर्रुखाबाद। शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर जिले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ शहर के प्रमुख मंदिरों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही संबंधित अधिकारियों और मंदिर समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान महाभारतकालीन शक्तिपीठ गुरुगांव देवी मंदिर और शीतला माता मंदिर में व्यवस्थाओं को परखा गया। जिलाधिकारी ने मंदिर समितियों को साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गई।

नवरात्रि के दौरान दोनों प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रभावी इंतजाम किए जा सकें।

प्रशासन की ओर से जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया है। जिलाधिकारी का यह निरीक्षण नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


और पढ़ें

[the_ad id="164"]