सिसवा में दुर्गा पूजा महोत्सव का आकर्षण बनेगा वृंदावन का प्रेम मंदिर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेलवे स्टेशन रोड पर बन रहा भव्य पंडाल, कैलाश पर्वत पर शिव-पार्वती और राधा-कृष्ण की झांकी के होंगे दर्शन

महराजगंज। सिसवा बाजार का दुर्गा पूजा महोत्सव इस वर्ष भी भव्य सजावट और आकर्षक धार्मिक झांकियों के लिए चर्चा में है। स्थानीय क्षेत्र के साथ बिहार और मित्र राष्ट्र नेपाल तक अपनी पहचान बना चुके इस महोत्सव में श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से वृंदावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति पर आधारित पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल का निर्माण अंतिम चरण में है।

कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड पर बन रहे इस पंडाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के साथ भगवान श्रीलक्ष्मी-गणेश के दर्शन होंगे। पंडाल के दूसरे तल पर कैलाश पर्वत का दृश्य तैयार किया जा रहा है, जहां श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद गुफा से होकर अगले तल पर पहुंचने पर वृंदावन के प्रेम मंदिर की प्रतिकृति में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी देखने को मिलेगी।

समिति के अध्यक्ष गंगासागर जायसवाल और संयोजक रोशन मद्धेशिया ने बताया कि वर्ष 1995 में स्थापित श्री बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति पिछले वर्षों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सामाजिक जागरूकता जैसे संदेशों को भी अपने आयोजन के माध्यम से प्रस्तुत करती रही है। इस वर्ष मथुरा और वृंदावन की धार्मिक धरोहरों की प्रतिकृतियों के रूप में पंडाल को सजाया जा रहा है।

पंडाल निर्माता राकेश प्रजापति ने बताया कि निर्माण कार्य पिछले दो महीनों से चल रहा है और इसे निर्धारित समय पर पूरा कर लिया जाएगा। पंडाल तैयार करने में करीब एक हजार बांस, एक क्विंटल कील, रस्सी और लकड़ी के बीट का इस्तेमाल किया गया है।

आयोजन को लेकर समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर मां दुर्गा के दर्शन के साथ वृंदावन और कैलाश पर्वत की धार्मिक झांकियां देखने का अवसर मिलेगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]