कुशीनगर में यूरिया खाद की कथित तस्करी का मामला सामने आया है। बरवापट्टी थाना क्षेत्र के पिपराही के पास पुलिस ने एक ई-रिक्शा से 13 बोरी यूरिया खाद बरामद की है। पकड़ी गई खाद इफको कंपनी की बताई जा रही है। पुलिस ने ई-रिक्शा और खाद को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की जांच के दौरान ई-रिक्शा चालक खाद से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ई-रिक्शा समेत 13 बोरी खाद को थाने ले आई। अब खाद को कहां ले जाया जा रहा था और इसके परिवहन से जुड़े दस्तावेज क्यों नहीं थे, इसकी जांच की जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम कुणाल गौरव ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, थाना प्रभारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया है।
पुलिस और कृषि विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खाद का परिवहन अवैध रूप से किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
रिपोर्ट: साजिद अंसारी | कुशीनगर









