11 किलोमीटर की दूरी तय कर मौके पर पहुंची एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार के बाद महिला को अस्पताल पहुंचाया
महराजगंज। जिले में सड़क दुर्घटना में घायल 70 वर्षीय महिला को 102 एम्बुलेंस सेवा की तत्परता से समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। एम्बुलेंस कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया और आगे के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुबहिया निवासी सोनमती देवी बैंक संबंधी कार्य से बाजार जा रही थीं। इसी दौरान मोहद्दीपुर चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गईं और उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मदद के लिए एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 102 एम्बुलेंस संख्या UP32FG0316 पर तैनात ईएमटी नीरज मिश्रा और पायलट हरेराम सक्रिय हो गए। एम्बुलेंस टीम ने महज 15 मिनट में 11 किलोमीटर की दूरी तय कर घटनास्थल पर पहुंचकर घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद घायल पैर को स्थिर कर उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।
अस्पताल पहुंचने के दौरान ईएमटी नीरज मिश्रा ने महिला की स्थिति पर लगातार नजर रखी। स्थिति को देखते हुए ऑनलाइन चिकित्सक से परामर्श लिया गया और मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार महिला की देखभाल जारी रखी गई। इसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
102 एम्बुलेंस सेवा की इस त्वरित कार्रवाई से घायल महिला को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता और जिम्मेदारी मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।









