किसान यूनियन (भाकियू) के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा और उनकी टीम को दिल्ली में आयोजित धरने में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज विकास शर्मा ने अधिकारियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की और टीम के साथ घर पर रोके जाने का विरोध किया।

विकास शर्मा ने कहा कि किसानों की आवाज को लाठी और बंदूकों के दम पर दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि किसान और कलम पर बंदूक का पहरा लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। किसानों को अपनी मांगों को उठाने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार मिलना चाहिए।
भाकियू नेता विकास शर्मा और उनकी टीम दिल्ली में आयोजित धरने में शामिल होने के लिए जाने पर अड़े हुए हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को रोकने से उनकी आवाज खत्म नहीं होगी।
इस घटनाक्रम के बाद किसान संगठन और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस की ओर से हाउस अरेस्ट किए जाने के संबंध में आधिकारिक बयान सामने आने की जानकारी नहीं है।









