27 अक्टूबर से शुरू होगा विश्व प्रसिद्ध देवा मेला-2026, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे DM-एसपी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पार्किंग से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक पर सख्त निर्देश, वीआईपी मार्ग के गड्ढे तत्काल भरने और लंबित कार्य समय से पूरे कराने के आदेश

रिपोर्टर: रवेंद्र वर्मा मोबाइल: 9793262646

बाराबंकी। जिले में आगामी 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध देवा मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पार्किंग, यातायात प्रबंधन, वीआईपी मार्ग, पुलिस बल के ठहरने, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने देवा-बाराबंकी मार्ग पर प्रस्तावित पार्किंग स्थल और मामापुर पुलिया के पास यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। मेले में बड़ी संख्या में मेलार्थियों और जायरीनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने वाहनों की पार्किंग और आवागमन के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रशासन का उद्देश्य है कि मेले के दौरान यातायात सुचारू बना रहे और श्रद्धालुओं को जाम या आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वीआईपी मार्ग पर मिले गड्ढे, तत्काल मरम्मत के निर्देश

इसके बाद अधिकारियों ने सांस्कृतिक पंडाल तक जाने वाले वीआईपी मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर गड्ढे मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराकर मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों और संपर्क स्थलों की व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन शुरू होने के बाद किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

पुलिस बल के ठहरने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

डीएम और एसपी ने गेस्ट हाउस तथा मेला अवधि में वारसी इंटर कॉलेज में स्थापित की जाने वाली पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस बल के ठहरने, आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस बल के ठहरने और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजाम निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, जिससे मेला अवधि में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

रोजाना होगी तैयारियों की मॉनिटरिंग

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल को निर्देशित किया कि मेला तैयारियों में प्रतिदिन होने वाले कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही, कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भीड़ नियंत्रण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान देवा मेला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर संभावित भीड़, प्रवेश और निकास मार्ग, आवागमन तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकें।

27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा देवा मेला

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और मेला तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवा मेला-2026 में आने वाले मेलार्थियों और जायरीनों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

गौरतलब है कि देवा मेला 27 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और जायरीनों की सुविधा को देखते हुए प्रशासन पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व निरंकार सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, एएसपी विवेक तिवारी, सीओ सदर संगम कुमार, नगर पंचायत देवा के चेयरमैन हारून वारसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बाइट: ईशान प्रताप सिंह (जिलाधिकारी, बाराबंकी)

और पढ़ें

[the_ad id="164"]