पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के अनुसार, घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसमें गैर इरादतन हत्या की धारा भी शामिल की जा रही है। मामले में लापरवाही के मद्देनजर स्थानीय चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ अगले 48 घंटे तक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच के साथ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
चाइनीज मांझे से हुई इस घटना ने एक बार फिर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत को उजागर किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान अवैध बिक्री के मामलों में कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









