लाठी-डंडों और लोहे की रॉड समेत अन्य हथियारों से हमले का आरोप, दो संदिग्ध हिरासत में; पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
सहारनपुर। जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के ग्राम कलरेहड़ी स्थित टायर फैक्ट्री में हिंसक मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से फैक्ट्री मालिक अरबीन चौहान की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल सादिक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, मारपीट का CCTV वीडियो वायरल होने की बात भी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात फैक्ट्री के अंदर कुछ लोगों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया गया। इस मारपीट में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मन्नामाजरा, जनपद शामली निवासी फैक्ट्री मालिक अरबीन चौहान ने दम तोड़ दिया। वहीं, घायल सादिक का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। युवक की मौत की खबर से परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
दो संदिग्ध हिरासत में, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर गंगोह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इसके साथ ही फैक्ट्री और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके और पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
कोतवाली प्रभारी इंद्रेश चौहान के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह, मारपीट में शामिल लोगों और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बाइट: हमजा मसूद (कांग्रेस नेता)
बाइट: मयंक पाठक (एसपी देहात)
रिपोर्ट: काशिफ खान
संपर्क: 9897816061









