गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लगने से चार लोग झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाकर घायलों को तत्काल उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, घर के मालिक रंजन दास के घरेलू गैस सिलेंडर में कुछ समस्या आ रही थी। सिलेंडर को ठीक कराने के लिए उन्होंने गैस एजेंसी के हॉकर को बुलाया था। बताया जा रहा है कि हॉकर सिलेंडर ठीक कर रहा था, तभी असावधानी के कारण गैस का रिसाव होने लगा और आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार लोग झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहपुर थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। सभी घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









