मथुरा के बरका गांव की घटना, डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में मिला शव; तीन दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मथुरा। कोसीकलां क्षेत्र के गांव बरका में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 28 वर्षीय शौकीन की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना के बाद आरोपियों के गांव से फरार होने पर परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
डॉग स्क्वायड की मदद से बरामद हुआ शव
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान डॉग एक स्थान पर रुका, जिसके बाद पुलिस ने वहां खुदाई कराई। खुदाई में शौकीन का शव बरामद हुआ। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा फैल गई।
तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
पुलिस ने मामले में विष्णु, लक्ष्मण और आशीष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ ने दी घटना की जानकारी
सीओ छाता भूषण वर्मा ने बताया कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद युवक की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से गड्ढे में दबा दिया गया था। परिजनों की सूचना पर डॉग स्क्वायड की मदद से शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
संवाददाता: वेद प्रकाश सारस्वत









