साइबर ठगी की रकम यूएसडीटी में बदलने वाले गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार, 13.76 लाख रुपये बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर। साइबर ठगी और इन्वेस्टमेंट ट्रेडिंग फ्रॉड से हासिल रकम को बैंक खातों के जरिए निकालकर क्रिप्टोकरेंसी यूएसडीटी में बदलने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को चिलुआताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 लाख 76 हजार 700 रुपये नकद, कैश काउंटिंग मशीन, 22 एटीएम कार्ड, लैपटॉप और चार पहिया वाहन समेत अन्य सामान बरामद किया है। कार्रवाई एसपी सिटी निमिष पाटिल और पुलिस अधीक्षक अपराध अयोध्या प्रसाद सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपियों में महराजगंज के नौतनवा निवासी नवनीत पांडेय उर्फ आदेश पांडेय, चंदौली निवासी आदर्श सिंह उर्फ थायनोस, गोरखपुर के राजघाट निवासी रवि वर्मा, एम्स क्षेत्र के कूड़ाघाट निवासी प्रज्ञा रतन और चिलुआताल निवासी मकसूद आलम खान शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, तीन चेकबुक, तीन पासबुक, दो फर्जी मुहर, 4710 रुपये नेपाली मुद्रा और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरोह के सदस्य बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले 20 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देते थे। इसके बाद खाताधारकों से पासबुक, एटीएम कार्ड और चेक लेकर उनमें साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती थी। रकम जमा होने के बाद एटीएम और चेक के जरिए नकदी निकाली जाती थी। निर्धारित कमीशन काटकर बाकी धनराशि विदेशी एजेंटों के माध्यम से यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर निर्धारित वॉलेट पर भेज दी जाती थी।

जांच में 34 म्यूल बैंक खातों से संबंधित करीब 4 करोड़ 9 लाख 11 हजार 738 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें सामने आई हैं। ये शिकायतें बिहार, गुजरात, कर्नाटक और केरल समेत विभिन्न राज्यों से संबंधित हैं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में पांच अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]