सोनभद्र में संदिग्ध अवैध क्लीनिक सील, गर्भपात की आशंका पर जांच शुरू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध अवैध क्लीनिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अंदर तीन बेड, अलग-अलग कमरे और सर्जिकल उपकरण मिले। क्लीनिक में अवैध गर्भपात किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

निरीक्षण के दौरान क्लीनिक में एक महिला भर्ती मिली, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन भेजा गया। कार्रवाई की भनक लगते ही क्लीनिक का स्टाफ मौके से फरार हो गया। मौके पर मिली स्कूटी के आधार पर संचालक और कर्मचारियों के संबंध में जानकारी जुटाने की बात कही गई है।

कस्बा इंचार्ज मनोज सिंह की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया। एसीएमओ डॉ. गुलाब शंकर ने मामले में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे पहले सिंदुरिया रोड पर भी एक क्लीनिक और दो पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच विभाग ने अवैध क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों पर निगरानी तेज कर दी है। अब मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

रिपोर्ट: अमलेश सोनकर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]