महराजगंज में सागौन की लकड़ी से भरी पिकअप पकड़ी, चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज में वन विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह अवैध सागौन की लकड़ी से भरी एक पिकअप पकड़ी। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक वनकर्मियों को देखकर भागने लगा। टीम ने पीछा करते हुए विश्वनाथपुर उर्फ पड़वनिया गांव के पास वाहन को रोक लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों में छिपते हुए फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को बेलवा चाफी क्षेत्र में अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी के निर्देश पर वनकर्मियों की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप दिखाई दी। वनकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन लेकर भागने लगा।

टीम ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप का पीछा किया और विश्वनाथपुर उर्फ पड़वनिया गांव के पास उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सागौन की लकड़ी के पांच बोटे बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लकड़ी बेलवा चाफी क्षेत्र में अवैध रूप से काटी गई थी।

वन विभाग की टीम ने पिकअप और बरामद लकड़ी को जब्त कर लिया है। वहीं, फरार चालक की पहचान करने और उसकी तलाश करने की कार्रवाई जारी है।

रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी कटान और तस्करी में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]