महराजगंज। आगामी नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर यह अभियान जिले में लगातार जारी है।
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में टीम ने चिउरहा, महराजगंज स्थित रूचि एग्रो प्रोडक्ट की बेसन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बेसन का नमूना संग्रहित किया गया, जिसे गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फरेंदा रोड स्थित अशोक इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। यहां से ज्ञान ब्रांड घी का नमूना लिया गया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह और हिमांशु जयंत शामिल रहे।









