ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, गधे के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोटों में हेराफेरी और मतदाता सूची से नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ता अपने साथ एक गधा भी लेकर आए और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ वोट काटे जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में पिछड़ों, दलितों तथा अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि इसी विरोध के प्रतीक के तौर पर कार्यकर्ता प्रदर्शन में गधा लेकर पहुंचे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]