मथुरा। दीनदयाल धाम में आयोजित मेले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय को सच्ची श्रद्धांजलि है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जिन जिलों में अभी मेडिकल कॉलेज की सुविधा नहीं है, वहां भी चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो।
बृजेश पाठक ने कहा कि किसानों को मजबूत करने, युवाओं को अवसर देने और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार योजनाओं को धरातल पर लागू कर रही है। उन्होंने लोगों से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय की विचारधारा से प्रेरणा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को सम्मान और अवसर देना है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मेले में मौजूद लोगों का आभार जताया।









