अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निचलौल। महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बैठवलिया पेट्रोल पंप के समीप हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के गिरहिया गांव निवासी राजेश पुत्र सुभाष बुधवार को किसी काम से अपनी बाइक से बैठवलिया पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे पेट्रोल पंप के समीप पहुंचने के दौरान उसकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद राजेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेश को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर निचलौल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]