आगरा। ताजनगरी के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को प्रेम प्रसंग से जुड़े घटनाक्रम में युवक ने पहले युवती को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, वारदात सेंट पीटर कॉलेज के पीछे रोहता के पास स्थित एक नव विकसित कॉलोनी में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। मृत युवक की पहचान अरुण पुत्र धर्मवीर सिंह के रूप में हुई है। युवती एक फौजी की बेटी बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे से पहले से परिचित थे। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक, पिछले वर्ष युवती की ओर से युवक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, न्यायालय में बयान के दौरान युवती ने पूर्व में लगाए गए आरोपों से इनकार कर दिया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य है।









