कानपुर। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर में तेज धूप निकलने के बाद अचानक आसमान में काले बादल छा गए। मौसम में आए इस बदलाव से बारिश की आशंका बढ़ गई है। लगातार बारिश के बाद खेतों में पहले से ही पानी और नमी बनी हुई है। ऐसे में दोबारा बारिश होने की संभावना से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
कानपुर में बीते दिनों करीब 60 घंटे तक लगातार बारिश हुई थी। इसके चलते खेतों में पानी भर गया था और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। बारिश थमने के बाद बुधवार को दोपहर में कुछ समय के लिए तेज धूप निकली, जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि, कुछ ही देर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और मौसम फिर बदल गया।
किसानों का कहना है कि खेतों में अभी भी पर्याप्त नमी है। कई स्थानों पर बारिश का पानी पूरी तरह सूख नहीं पाया है। ऐसे में यदि दोबारा तेज बारिश होती है तो खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर अधिक पानी से फसलों के गलने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद किसानों की नजरें आसमान पर टिकी हुई हैं। किसान बारिश न होने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि खेतों से अतिरिक्त पानी निकल सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
रिपोर्ट – विपिन सागर









