तेज हवा में प्रचार बोर्ड गिरने से बाइक सवार महिला की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के गोरखपुर-परतावल मार्ग पर बुधवार सुबह तेज हवा के दौरान रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड बाइक सवार मां-बेटे के ऊपर गिर गया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परतावल सीएचसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी सुभावती छप्पन पत्नी विद्यासागर अपने बेटे दुर्विजय के साथ इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गई थीं। इलाज कराने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब होने के साथ तेज हवा चलने लगी। महाराजा रेस्टोरेंट के सामने सड़क के बीच लगे प्रचार बोर्ड के अचानक बाइक पर गिरने से सुभावती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी परतावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. फुरकान ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बाइक चला रहे बेटे को चोट नहीं आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]