आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजयनगर स्थित पैतृक आवास का गंगाजल से शुद्धिकरण किया गया। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में महिलाओं ने शंखनाद किया और पूरे आवास को गंगाजल से शुद्ध किया।
कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की माता सत्यवती और पिता सुबोध गुप्ता भी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
मुख्य चुनाव आयुक्त की माता सत्यवती ने कहा कि 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान घर के बाहर आपत्तिजनक शब्द लिखे गए, जिससे वह आहत हुईं।
वहीं, पिता सुबोध गुप्ता ने कहा कि उनका बेटा देश की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना था तो दिल्ली में उनके घर के बाहर किया जाता। आगरा स्थित पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन से परिवार की छवि प्रभावित हुई है।
धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में समाज और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- ममता भारद्वाज, आगरा









