नमो भारत कॉरिडोर द्वारा एक्सप्रेस पार्सल भेजने की तलाशेंगे संभावनाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मेरठ। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के जरिए एक्सप्रेस पार्सल की आवाजाही की संभावनाएं तलाशने के लिए एनसीआरटीसी और ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के बीच समझौता हुआ है। दोनों संस्थाएं नमो भारत सेवाओं को ब्लू डार्ट के मौजूदा पिकअप और डिलीवरी नेटवर्क से जोड़ने की व्यवहारिकता का अध्ययन करेंगी। इसमें पार्सल की संभावित संख्या, परिचालन जरूरतों और स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य ई-कॉमर्स कंसाइनमेंट और अन्य शहरी कार्गो के लिए तेज, भरोसेमंद और टिकाऊ लॉजिस्टिक्स मॉडल विकसित करना है। 82 किलोमीटर लंबा नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ को जोड़ता है। अधिकारियों के मुताबिक, यदि कार्गो मॉडल सफल रहा तो सड़कों पर डिलीवरी वाहनों की संख्या कम हो सकती है, जिससे ट्रैफिक दबाव और प्रदूषण में कमी आएगी।

एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा कि यह सहयोग नमो भारत के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए फ्रेट-इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, डीएचएल ई-कॉमर्स के सीईओ पाब्लो सियानो ने कहा कि क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी से ग्राहकों को बेहतर लॉजिस्टिक्स सुविधा देने की संभावनाएं बढ़ेंगी। दोनों संस्थाएं मॉडल की व्यवहारिकता का अध्ययन कर आगे की योजना तैयार करेंगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]