दुआ कार्यक्रम से धर्मांतरण का विवाद, दो आरोपी गिरफ्तार; पुलिस जांच में जुटी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के परसौनी गांव में ईसाई धर्म से जुड़े दुआ कार्यक्रम को लेकर धर्मांतरण का विवाद सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम में शामिल दो लोगों को हिरासत में लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेजे जाने की बात सामने आई है।

बताया गया कि गांव निवासी रवि प्रजापति के घर पर आयोजित दुआ कार्यक्रम में आसपास के गांवों से करीब 30 से अधिक लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पडरौना निवासी ध्रुप निषाद और देवरिया निवासी दुर्गेश निषाद को हिरासत में लिया।

शिकायतकर्ता अरुण कुमार जायसवाल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में धर्मांतरण कराने वाला गिरोह सक्रिय है और कई परिवारों का धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।

वहीं, रवि प्रजापति ने धर्मांतरण के आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि वह चार वर्षों से किडनी की बीमारी से परेशान हैं और बीमारी ठीक होने की उम्मीद में उन्होंने घर पर दुआ कार्यक्रम कराया था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार्यक्रम केवल प्रार्थना तक सीमित था या धर्मांतरण से जुड़ी कोई गतिविधि भी हुई थी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]