यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीएसपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं| कांशीराम पुण्यतिथि पर मायावती बड़े ऐलान कर सकती हैं|
बसपा की तैयारी तेज
यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों में तैयारियां तेज हो गई हैं| वहीं बीएसपी में सियासी हलचल देखने को मिल रही है| खबर है कि मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया है, जिसके बाद पार्टी के भीतर नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं| अब 9 अक्टूबर को लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि पर होने वाली बीएसपी की बड़ी रैली पर सभी की नजरें टिकी हैं|
माना जा रहा है कि इस मंच से यह संकेत मिल सकता है कि मायावती ‘मिशन 2027’ की जिम्मेदारी आकाश आनंद को कितनी बड़ी भूमिका के साथ सौंपने वाली हैं| ऐसा माना जा रहा है कि 9 अक्टूबर को कांशीराम की पुण्यतिथि के मौके पर बीएसपी अपने ‘मिशन 2027‘ का औपचारिक आगाज कर सकती है| लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक पर इस दिन पार्टी की ओर से बड़ा शक्ति प्रदर्शन और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा| बीएसपी के लिए यह तारीख बेहद अहम है, क्योंकि कांशीराम की पुण्यतिथि बहुजन आंदोलन और उनकी राजनीतिक विरासत से जुड़ी हुई है|
संबोधन पर सबकी निगाहें
कार्यक्रम में मायावती प्रदेश भर से जुटने वाले पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी| ऐसे में सभी की नजरें उनके संबोधन पर टिकी हैं| माना जा रहा है कि मायावती इस मंच से आकाश आनंद की भूमिका को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकती हैं| हालांकि, सूत्रों के मुताबिक आकाश आनंद इस दौरान मायावती के साथ मंच साझा नहीं करेंगे| वह पार्टी कार्यालय में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं|









