नंदा इंस्टीट्यूट के खिलाफ छात्रों का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। नंदा इंस्टीट्यूट के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने संस्थान प्रबंधन पर फीस लेने के बावजूद डिग्री और रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रशासन से संस्थान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सीज करने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि उन्होंने संस्थान में दाखिला लेकर निर्धारित फीस जमा की थी, लेकिन पढ़ाई पूरी होने के बाद भी उन्हें डिग्री और रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं दिया जा रहा है। इस मामले में पुलिस से भी शिकायत की गई, लेकिन आरोप है कि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज होकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं और धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बनी रही।

छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होता, वे धरना जारी रखेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर नंदा इंस्टीट्यूट प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने और छात्रों को उनकी डिग्री व रजिस्ट्रेशन नंबर दिलाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान छात्रा प्रीति सिंह ने भी संस्थान प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

 

रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]