लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। फैजुल्लागंज समेत राजधानी के कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। घरों और सड़कों तक पानी पहुंचने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग कर रहे हैं।

बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीकेटी, इटौंजा और गोमती नदी के तटीय प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की और फैजुल्लागंज क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति तथा राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।
वहीं, नगर आयुक्त गौरव कुमार, जोन-3 के जोनल अधिकारी अजीत रॉय समेत नगर निगम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रही। प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी के साथ राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद लेखपाल आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन की टीमें सक्रिय हैं।









