पडरौना। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पडरौना परिसर में जनपद स्तरीय चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जनपद स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पडरौना के इरफान अंसारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नौरंगिया के विनय चौरसिया तथा भाषण प्रतियोगिता में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पडरौना के ऋषभ शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विजेताओं को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे भी रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक मनीष जायसवाल ने उद्यमी सेल का फीता काटकर शुभारंभ किया। बताया गया कि उद्यमी सेल के माध्यम से छोटे-बड़े शहरों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्टार्टअप और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इसमें मार्केट कनेक्ट, बिजनेस स्ट्रेटेजी, फंडिंग तथा ऋण से संबंधित जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा। उद्यमिता से जुड़े विषयों पर प्रतिभागियों और युवाओं को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौरभ कुमार उपाध्याय को दी गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि उद्यमी सेल का उद्देश्य युवाओं को रोजगार की तलाश करने के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकें।
कार्यक्रम में डीके मौर्य, पंकज गौतम, सौरम जायसवाल, नोडल प्रधानाचार्य आलोक कुमार मौर्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हाटा के प्रधानाचार्य पीएन शर्मा, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कसया के प्रधानाचार्य एपी राय, कार्यक्रम प्रभारी वीएन गुप्ता सहित विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ अनुदेशक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
साजिद अंसारी पड़रौना









