कसया। नगर से होकर गुजर रही एनएच-28 की सर्विस लेन पर गोपालगढ़ के समीप सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन वर्षीय बच्चे और महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कसया पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल राजू गिरी को मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर धूस रेफर कर दिया गया।
धौरहरा निवासी राजू गिरी पुत्र रमाकांत बाइक से कसया से घर लौट रहे थे। इसी दौरान करजही निवासी अभिनव पांडेय (35) तीन वर्षीय श्याम पांडेय के साथ बाइक से सामने से आ रहे थे।
गोपालगढ़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में राजू गिरी, अभिनव पांडेय और श्याम पांडेय घायल हो गए। वहीं, सड़क किनारे मौजूद ऊषा देवी (40) भी बाइक की चपेट में आने से घायल हो गईं।
कसया एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।









